सरायकेला में राजकीय चैत्र पर्व

 *सरायकेला: राजकीय चैत्र पर्व छऊ महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन हुआ अलर्ट, डीसी ने की तैयारी की समीक्षा, भक्ताओं ने निभाई शुभघट का रश्म, एसडीओ ने जताई उम्मीद मिलेगा सभी का सहयोग*

*दीपक कुमार दारोघा*

सरायकेला: जिला मुख्यालय सरायकेला में राजकीय चैत्र पर्व छऊ महोत्सव को लेकर चल रही धार्मिक अनुष्ठान के तहत भक्ताओं ने शुभघट का रश्म निभाया।

इससे पहले भक्तागण खरकाई नदी के माजणाघाट पहुंचे। स्नान के बाद *झरझर* की पूजा अर्चना की। मान्यता है कि भरत मुनि ने पृथ्वी में नृत्य शिक्षा देने के लिए और असुरों से रक्षा हेतु इंद्रदेव की स्मरण की थी। इंद्रदेव ने उन्हें वज्र की ताकत जैसे *झरझर* प्रदान की थी। परंपरा के अनुरूप भक्त श्रद्धालु पूजा अर्चना के बाद शुभघट *झरझर* लिए बाजार स्थित शिव मंदिर पहुंचे। मंदिर में भगवान शिव (जगत नर्तक) की पूजा अर्चना कर शुभघट का रश्म  निभाया। विभिन्न जाति के लोग इसमे शामिल रहे।

दूसरी ओर राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र में छऊ नृत्य प्रतियोगिता हुई। ग्रामीण छऊ नृत्य मंडलियों ने इसमें भाग लिया। चैत्र पर्व छऊ महोत्सव में भाग लेने के लिए चयन हेतु आयोजित इस नृत्य प्रतियोगिता में निर्णायक मंडली द्वारा कई उत्कृष्ट नृत्य मंडली का चयन हुआ है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो चुका है। कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित होने वाली चैत्र पर्व छऊ महोत्सव की तैयारी को लेकर मंगलवार को उपायुक्त  रविशंकर शुक्ला ने समाहरणालय सभाकक्ष में कलादल के समिति सदस्यों तथा संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक की। 

बैठक में मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सरायकेला के प्रभारी अनुमंडल पदाधिकारी निवेदिता नियति समेत विभिन्न विभाग के पदाधिकारी तथा समिति सदस्य एवं छऊ कलाकार उपस्थित थे।

बैठक में उपायुक्त ने भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम सरायकेला में 11, 12 एवं 13 अप्रैल को आयोजित होने वाली सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों का समीक्षा की। और समिति सदस्यों के अलावे संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

अनुमंडल पदाधिकारी निवेदिता नियति ने सरायकेला अनुमंडल सभागार में प्रेस वार्ता में राजकीय चैत्र पर्व छऊ महोत्सव के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आगामी 11, 12 एवं 13 अप्रैल को सरायकेला बिरसा मुंडा स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। उन्होंने उम्मीद जताया कि सभी का सहयोग मिलेगा।

Comments